पौड़ी गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा,गहरी खाई में गिरी ईको वैन, चालक समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कलवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन चालक समेत कुल 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैन में सवार अधिकांश महिलाएं बैंक का काम निपटाकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।