विकास की वास्तविक सफलता तब दिखाई देती है, जब दशकों से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे क्षेत्रों में बदलाव धरातल पर उतरने लगे और वहां के लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देने लगे। जमुई जिले के चोरमारा और गुरमाहा में पिछले एक वर्ष के दौरान हुए प्रयास इसी परिवर्तन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं।
एक समय नक्सलवाद के प्रभाव और भौगोलिक कठिनाइयों के कारण बाहरी दुनिया से लगभग कटे रहे इन क्षेत्रों में आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने, आधारभूत संरचनाओं के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर पहल की गई है। इन प्रयासों का परिणाम अब सामाजिक जीवन में दिखाई देने लगा है। जिन क्षेत्रों की पहचान कभी नक्सलवाद और विकास से दूरी के कारण होती थी, वहां अब शिक्षा, प्रतिभा, सांस्कृतिक गतिविधियों और विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।
इस बदलाव की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि यहां की बेटियों की शैक्षणिक और सामाजिक प्रगति है। चोरमारा और गुरमाहा की बेटियां उस पहली पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जिन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है। जिला प्रशासन के प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों से ये बेटियां जिला स्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय समारोह में जिले का प्रतिनिधित्व करना इनकी उपलब्धि के साथ-साथ क्षेत्र में हो रहे सामाजिक परिवर्तन का भी महत्वपूर्ण प्रमाण है। यह इस बात का परिचायक है कि विकास की पहुंच अब इन क्षेत्रों के बच्चों के सपनों और आकांक्षाओं तक भी हो रही है।
इन क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति देने में बिहार सरकार की भीमबांध इको टूरिज्म सर्किट संबंधी पहल भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इस सर्किट के अंतर्गत चोरमारा गाँव का चयन इस क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन संभावनाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से इन क्षेत्रों को पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर विकसित करने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में नए अवसर सृजित होंगे।
जिला प्रशासन की प्राथमिकता इन क्षेत्रों में सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सशक्तीकरण और आजीविका के अवसरों का विस्तार करना है। साथ ही, यहां की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए पर्यटन विकास को स्थानीय समुदाय की भागीदारी और आर्थिक उन्नति से जोड़ना भी इस प्रयास का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। चोरमारा और गुरमाहा में हो रहा परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि सरकार की प्रतिबद्धता, प्रशासनिक क्रियाशीलता और निरंतर विकासात्मक प्रयासों से दशकों से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे क्षेत्रों को भी नई दिशा दी जा सकती है।
जिला प्रशासन इस परिवर्तन को और व्यापक एवं स्थायी स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाले समय में चोरमारा और गुरमाहा की पहचान नक्सलवाद के अतीत से नहीं, बल्कि शिक्षा, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और समावेशी विकास की उपलब्धियों से हो।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Department of Tourism, Government of Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Nov 4, 2026