आपदा राहत कार्यों की समीक्षा, प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता देने का निर्देश
सोनपुर, गरखा व रिविलगंज में जरूरत के अनुसार जारी रहेगा सामुदायिक किचन, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेल्थ कैंप रखने के निर्देश*
छपरा, 8 सितंबर।
जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि जिला स्तरीय पदाधिकारी सभागार में उपस्थित रहे। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, सामुदायिक किचन, स्वास्थ्य शिविर, नाव परिचालन, स्वच्छता एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत सोनपुर में आपदा प्रभावित परिवारों की स्थिति की समीक्षा से हुई। जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर डिजिटल हस्ताक्षर के साथ आज ही जिला आपदा प्रबंधन शाखा को उपलब्ध कराएं। जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा सूची की मैपिंग के बाद उसे विभाग को भेजा जाएगा, ताकि पात्र लाभुकों को निर्धारित सहायता राशि के भुगतान की कार्रवाई की जा सके।
सामुदायिक किचन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिन परिवारों के घरों में अभी पानी है अथवा खाना बनाने की स्थिति नहीं बनी है, उन्हें सामुदायिक किचन से भोजन उपलब्ध कराया जाता रहेगा। समीक्षा में पाया गया कि फिलहाल सोनपुर, गरखा एवं रिविलगंज में सामुदायिक किचन की आवश्यकता बनी रह सकती है। वहीं, जिन क्षेत्रों में पानी उतर चुका है और परिवारों के लिए घर में भोजन बनाना संभव हो गया है, वहां सामुदायिक किचन बंद करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में सूखा राशन, पॉलिथीन शीट, सैनेटरी सामग्री सहित अन्य राहत सामग्री के वितरण की भी जानकारी ली और आवश्यकता के अनुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रभावित क्षेत्रों में नाव परिचालन की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार नाव चलाने को कहा गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जारी रहेंगे हेल्थ कैंप
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेल्थ कैंप एवं मोबाइल मेडिकल टीम लगातार सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद विशेषकर त्वचा संक्रमण एवं जलजनित बीमारियों की संभावना रहती है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की नियमित मौजूदगी जरूरी है। रिविलगंज, दिघवारा, मकेर, मांझी सहित सदर अनुमंडल के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर सहित आवश्यक सैनिटेशन सामग्री के छिड़काव का निर्देश दिया गया। साथ ही आवश्यक सामग्री की उपलब्धता एवं प्रोक्योरमेंट सुनिश्चित करने को कहा गया।
क्षतिग्रस्त सड़कों का होगा सर्वे
बाढ़ एवं तटबंध टूटने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति को लेकर जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित बीडीओ को टीम गठित कर सर्वे कराने का निर्देश दिया। सर्वे के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रोड रिपेयरिंग एवं मेंटेनेंस की कार्रवाई की जा सके।
बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वच्छता की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त एवं संबंधित बीडीओ को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। बांधों के आसपास वाले क्षेत्रों की सफाई तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता टीमों के समन्वय से संभावित महामारी की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के बाद जनजीवन को शीघ्र सामान्य करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
मिशन कायाकल्प के तहत दिवाली तक सार्वजनिक भवनों को मिलेगा नया लुक
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री के मिशन कायाकल्प की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर पंचायतों में सार्वजनिक महत्व के भवनों एवं परिसंपत्तियों को बेहतर और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाना है।
उन्होंने प्रत्येक पंचायत में अधिकतम 15 प्राथमिकता आधारित योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया, जिन्हें दिवाली तक पूरा किया जा सके। विद्यालयों में किचन शेड की मरम्मत, हेल्थ सब-सेंटर, अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया। योजनाओं के चयन में पंचायत समिति, मुखिया, जिला परिषद एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि चयनित योजनाओं की निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिले के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इस सप्ताह के अंत तक योजनाओं की सूची अंतिम रूप से तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि समय पर कार्य पूरा कर दिवाली के अवसर पर पंचायतों में किए गए विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का बेहतर स्वरूप लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा सके।
1 views | Saharsa, Bihar | Sep 9, 2026