जिला परिषद बोर्ड की बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और उप विकास आयुक्त के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कथित तौर पर अपमानजनक एवं असंवैधानिक शब्दों के प्रयोग से नाराज जिला परिषद बोर्ड के सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद सभी सदस्य कार्यालय से बाहर निकल आए और उप विकास आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बांसजोर जिला परिषद सदस्य समरोम पोल टोपनो ने बताया कि श्री रामरेखा धाम के नाम पर जिला परिषद में बोर्ड के सदस्यों की जानकारी के बिना टेंडर जारी किया गया था। बाद में मंदिर समिति के विरोध के बाद टेंडर रद्द कर दिया गया। इसी मामले को लेकर बैठक में सदस्यों ने जानकारी मांगी कि आखिर बोर्ड को विश्वास में लिए बिना टेंडर कैसे जारी किया गया। आरोप है कि इस सवाल पर उप विकास आयुक्त नाराज हो गए और जनप्रतिनिधियों के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें बैठक से बाहर जाने के लिए कहा।