विधायक को ग्रामीण ने कंधे पर बैठाकर पार कराई नदी, बीच धारा में बिगड़ा संतुलन, दोनों पानी में गिरे
पलामू में धुरिया नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीण
पलामू। विश्रामपुर विधानसभा के राजद विधायक नरेश प्रसाद सिंह को नदी पार कराने के लिए एक ग्रामीण ने अपने कंधे पर बैठाया, लेकिन बीच धारा में संतुलन बिगड़ने से विधायक और ग्रामीण दोनों पानी में गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक नरेश प्रसाद सिंह घासीदाग पंचायत के घासीदाग गांव में आयोजित एक धार्मिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव तक पहुंचने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में पानी होने के कारण विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करने का फैसला किया। इसी दौरान बीच धारा में ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े।