#सेवा_संकल्प_अभियान
#सेवा_की_कहानी
सेवा संकल्प अभियान से आई बागवानी में क्रांति,
छोटे ट्रैक्टर से मिली संतरा किसानों को सुविधा
आगर-मालवा, 15 अक्टूबर 2026/ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान जिले के किसानों के लिए समृद्धि का नया अध्याय लिख रहा है। अभियान का उद्देश्य कृषकों को पारंपरिक खेती से आगे ले जाकर आधुनिक बागवानी तकनीकों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति में विभाग ने बागवानी एकीकृत विकास मिशन तहत बागवानी यंत्रीकरण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक किया।
इसी कड़ी में जिले के प्रगतिशील कृषक श्री विष्णु पाटीदार एवं श्री नंदकिशोर ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में छोटे ट्रैक्टर हेतु आवेदन किया। विभाग की त्वरित एवं पारदर्शी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप दोनों कृषकों को मिनी ट्रैक्टर क्रय पर 50 प्रतिशत शासकीय अनुदान का लाभ प्राप्त हुआ। शासन की इस सहायता ने उनके लिए आधुनिक यंत्र को अपनी पहुँच में लाना संभव कर दिया।
छोटे ट्रैक्टर के उपयोग ने उनके संतरे के बगीचे की तस्वीर ही बदल दी। अब बगीचे की कतारों के बीच सुलभ रूप से जुताई एवं खरपतवार नियंत्रण किया जा रहा है। पेड़ों की जड़ों के आसपास अंतर-सस्य क्रियाओं से मिट्टी भुरभुरी हुई है, जिससे वर्षा जल का बेहतर संचयन हो रहा है तथा मिट्टी में हवा का संचार बढ़ने से पौधों का विकास तेजी से हो रहा है। इसके साथ ही समय पर कीट नियंत्रण एवं दवाई छिड़काव संभव होने से समय एवं लागत दोनों में भारी बचत हो रही है।लाभार्थी कृषकों का कहना है कि छोटा ट्रैक्टर उनके संतरे के बगीचे के लिए वरदान साबित हुआ है। उद्यानिकी विभाग से प्राप्त 50 प्रतिशत अनुदान के कारण यह सुविधा उन्हें मिल पाई है। इससे न केवल उनकी मेहनत और समय की बचत हुई है, अपितु संतरे की पैदावार एवं फलों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। दोनों कृषकों ने इस सहयोग के लिए मध्यप्रदेश शासन एवं उद्यानिकी विभाग, आगर-मालवा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#आगरमालवा
#agarmalwa
19 views | Agar Malwa, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026