मृत्यु भोज जैसी कुरीति के खिलाफ ग्रामीणों ने उठाई आवाज, न खाने जाएंगे और न खिलाएंगे
पूर्व शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, सर्वसम्मति से मृत्यु भोज के बहिष्कार का लिया गया निर्णय
मखदुमपुर। प्रखण्ड के सुगांव सूर्य मंदिर के प्रांगण में रविवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने की। बैठक में सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मृत्यु भोज जैसी पुरानी कुरीति का बहिष्कार करने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने कहा कि मृत्यु भोज एक ऐसी सामाजिक कुरीति है, जिसे अब समाप्त करने की आवश्यकता है। किसी परिवार में व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद शोक की घड़ी में परिवार पहले से ही दुख और मानसिक परेशानी से गुजरता है। ऐसे समय में मृत्यु भोज का आयोजन करना परिवार पर आर्थिक बोझ डालता है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के कारण कई परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं। इसलिए समाज को आगे आकर इस कुरीति को समाप्त करना चाहिए।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि आज के बाद गांव में न तो कोई मृत्यु भोज का आयोजन करेगा और न ही कोई व्यक्ति मृत्यु भोज में शामिल होकर भोजन ग्रहण करेगा। लोगों ने कहा कि वे स्वयं इस परंपरा का पालन करेंगे और दूसरे लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय मुखिया रंजू देवी ने भी मृत्यु भोज का विरोध करते हुए कहा कि वह सबसे पहले अपने गांव में आयोजित होने वाले किसी भी मृत्यु भोज में शामिल नहीं होंगी। इसके साथ ही उन्होंने पूरे पंचायत में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक करने की बात कही। बैठक में उपस्थित लोगों ने मृत्यु भोज का बहिष्कार करने की सामूहिक शपथ ली। लोगों का कहना था कि समाज में ऐसी परंपराओं को समाप्त करना जरूरी है, जिनसे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। मौके पर पैक्स अध्यक्ष लखनदेव यादव, समाजसेवी मनोज कुमार गुप्ता, राजद नेता शारीक फतह, रामदेव मांझी, उपमुखिया गौतम कुमार वर्मा, अनुज चौधरी उर्फ मुन्नी चौधरी, रामप्रीत चौधरी,पिट्टू पासवान, सुनील गुप्ता, निखिल कुमार, विनय यादव, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी लोगो ने इस सामाजिक पहल का समर्थन करते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में न तो मृत्यु भोज का आयोजन करेंगे और न ही उसमें शामिल होंगे।