हरदोई के सण्डीला में नई पहल, प्रेरणा कैंटीन से महिलाओं को मिलेगा कमाई का मौका
हरदोई। तहसील परिसर सण्डीला में मंगलवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित अधुना मॉडल प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से कैंटीन का उद्घाटन किया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आजीविका से जोड़ने और स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में की गई है।
प्रेरणा कैंटीन का संचालन ग्राम पंचायत छनोइया मलेहरा, विकासखंड सण्डीला से जुड़े स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है। तहसील में आने वाले लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों को यहां चाय, नाश्ता, जलपान के साथ शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे तहसील परिसर में आने वाले लोगों को खान-पान की सुविधा मिलेगी, वहीं समूह से जुड़ी महिलाओं को नियमित आय का अवसर भी प्राप्त होगा।अधिकारियों के अनुसार कैंटीन के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से दो लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। कैंटीन के संचालन के लिए 10 सदस्यीय एओपी का गठन किया गया है। समूह की सदस्य महिलाएं मिलकर कैंटीन की व्यवस्थाओं और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगी।
*स्वरोजगार से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है*
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस तरह की गतिविधियों से समूह की सदस्यों की आमदनी बढ़ने के साथ उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार की उम्मीद है।प्रेरणा कैंटीन जैसी योजनाओं को ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का माध्यम माना जा रहा है। इससे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के ‘समूह से समृद्धि की ओर’ के उद्देश्य को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।उद्घाटन कार्यक्रम में एसडीएम सण्डीला नारायणी भाटिया (आईएएस), खंड विकास अधिकारी बेंहदर संस्कृति त्रिवेदी (आईएएस), उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, सीओ सण्डीला श्लोक गौतम, खंड विकास अधिकारी सण्डीला गौरी राठौर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Hardoi, Hardoi | Sep 19, 2026