गर्भवती रोडवेज परिचालक पर दबंगों का हमला, चाकू से किया वार
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला लहरियापुरवा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ चार माह की गर्भवती रोडवेज परिचालक महिला और उनके पति पर दबंग पिता-पुत्र समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों, पत्थरों और चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला व उनके पति समेत बीच-बचाव करने पहुंचे रिश्तेदार भी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने मामा के 16 वर्षीय लड़के नमन को बचाने पहुँची थी। इसी दौरान दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान एक युवक ने गर्भवती महिला पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और चार टांके लगाने पड़े। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का गाली-गलौज से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता ने कोंच में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी विनय कुमार सिंह से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और उरई कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Hardoi, Hardoi | Sep 19, 2026