पितृपक्ष मेला महासंगम में स्वच्छता के असली पहरेदारों को दीपावली पर मिला सम्मान, वार्ड पार्षद चंदू देवी ने 60 सफाई कर्मियों को बांटे कपड़े और मिठाई
महिला कर्मियों को साड़ी और पुरुषों को पैंट-शर्ट का कपड़ा देकर बढ़ाया मनोबल, पितृपक्ष महासंगम में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ गयाजी की तस्वीर दिखाने में सफाई कर्मियों की अहम भूमिका
दीपावली का त्योहार सिर्फ दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ खुशियां बांटने और उनके योगदान को सम्मान देने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ गया नगर निगम के वार्ड संख्या 40 की वार्ड पार्षद चंदू देवी ने रविवार को अपने वार्ड के लगभग 60 महिला एवं पुरुष सफाई कर्मियों को दीपावली के अवसर पर सम्मानित किया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र, माला, फूल और मिठाई देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। वहीं महिला सफाई कर्मियों को साड़ी तथा पुरुष सफाई कर्मियों को पैंट-शर्ट का कपड़ा उपहार स्वरूप दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वार्ड पार्षद चंदू देवी ने सभी सफाई कर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में इनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आमतौर पर लोग साफ-सुथरी सड़कें, गलियां और सार्वजनिक स्थल देखकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन इनके पीछे सफाई कर्मियों की दिन-रात की मेहनत और समर्पण छिपा होता है।
#gayadastak
#गयाजी
#गयापुलिस
#GayaNews
#गया_हो
#diwalispecial
#फेस्टिवल