#बालाघाट
फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट बालाघाट में प्रवेश शुरू, 10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए रोजगारपरक पाठ्यक्रम
होटल, रेस्टोरेंट, क्रूज लाइनर, एयरलाइंस और क्लाउड किचन सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर
युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) बालाघाट में विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान में कक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं तथा सीमित सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से शीघ्र प्रवेश लेने की अपील की गई है।
फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट द्वारा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन पाठ्यक्रम की अवधि 1.5 वर्ष है, जिसमें प्रवेश के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं क्राफ्ट्समैनशिप सर्टिफिकेट कोर्स इन फूड एंड बेवरेज की अवधि 6 माह है और इसमें प्रवेश के लिए 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र हैं। संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
इन क्षेत्रों में मिल सकते हैं रोजगार के अवसर
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों के लिए 5 स्टार होटल एवं रिसॉर्ट, रेस्टोरेंट चेन, क्रूज लाइनर, एयरलाइंस, क्लाउड किचन, रिटेल क्षेत्र, आर्मी किचन, इन-फ्लाइट ऑपरेशन एवं केबिन क्रू सहित हॉस्पिटैलिटी से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना स्वयं का व्यवसाय अथवा अन्य स्वरोजगार गतिविधियां भी शुरू कर सकते हैं।
हॉस्टल एवं छात्रवृत्ति की सुविधा
एफसीआई बालाघाट में विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध है। वहीं शासकीय नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाता है। संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत जॉब असिस्टेंस उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है।
फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट कृषि उपज मंडी भमोड़ी रोड, गोंगलई, बालाघाट के समीप स्थित है। संस्थान का संचालन पर्यटन मंत्रालय, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत किया जाता है तथा यह नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, नोएडा से संबद्ध है।
प्रवेश के लिए यहां करें संपर्क
इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश एवं पाठ्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए संस्थान के व्याख्याता श्री निखिल यादव से मोबाइल नंबर 8269668505, फैकल्टी सुश्री मानसी से मोबाइल नंबर 9179203284 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा fcibalaghat@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सीमित सीटों को देखते हुए इच्छुक युवाओं से शीघ्र प्रवेश लेने की अपील की गई है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#𝖲𝗄𝗂𝗅𝗅𝖣𝖾𝗏𝖾𝗅𝗈𝗉𝗆𝖾𝗇𝗍