#बालाघाट
प्रमुख सचिव गुलशन बामरा ने आदिवासी क्षेत्रों का किया भ्रमण, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मध्यप्रदेश शासन जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव श्री गुलशन बामरा ने 18 सितंबर को बालाघाट जिले के प्रवास के दौरान बिरसा विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने बिठली, कोरका, पाथरी, कुंडेकसा, घुम्मुर एवं आसपास के गांवों में ग्रामीणों से संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं शासन की योजनाओं से जुड़े विषयों की जानकारी ली। इस दौरान बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शाण्डिल्य एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर उपस्थित रहीं।
भ्रमण की शुरुआत एकलव्य विद्यालय बैहर के निरीक्षण से हुई। प्रमुख सचिव ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और विज्ञान विषयों के साथ पढ़ाई कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने उन्हें अपने हाथों से बनाई पेंटिंग भेंट की, जिसकी उन्होंने सराहना की। इसके बाद श्री बामरा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली का निरीक्षण किया और मरीजों से उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। पाथरी के स्कूल एवं छात्रावास में उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्राचार्य से विद्यार्थियों को विज्ञान विषयों के लिए प्रेरित करने की बात कही, ताकि वे भविष्य में पैरामेडिकल क्षेत्र में सेवाएं दे सकें। उन्होंने कहा कि तकनीक और एआई के बढ़ते दौर में भी पैरामेडिकल स्टाफ की आवश्यकता बनी रहेगी।
प्रमुख सचिव ने घुम्मुर में ग्रामीणों से सिकल सेल बीमारी को लेकर चर्चा की। उन्होंने सिकल सेल से पीड़ित युवक-युवतियों के आपस में विवाह से बचने, बीमारी के प्रति जागरूक रहने और मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार कराने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता पर ध्यान देने और कम उम्र में बच्चों का विवाह नहीं करने के लिए भी जागरूक किया। कुंडेकसा में अस्थायी अस्पताल का निरीक्षण कर उन्होंने मरीजों एवं मेडिकल स्टाफ से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
कोरका में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में शामिल होकर श्री बामरा ने ग्राम कोदापार के 8 बैगा परिवारों को वन अधिकार पट्टे वितरित किए। इसके बाद उन्होंने खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर बैगा जनजाति के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ तत्परता से दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री रेशम सिंह धुर्वे, जनपद सीईओ श्री नितिन भट्ट, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती विमला सैयाम, पीएचई एसडीओ श्री सत्यम पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #minforestmp #mp_wcdmp #JansamparkMP #healthminmp #welfaretribal