#बालाघाट
राजा भोज कृषि महाविद्यालय, बालाघाट में दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह संपन्न
नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन, डॉ. धीरेन्द्र खरे ने किया महाविद्यालय का भ्रमण
राजा भोज कृषि महाविद्यालय, बालाघाट में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विगत एक माह से संचालित दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह आज हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कृषि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. धीरेन्द्र खरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. घनश्याम देशमुख ने की, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व डॉ. ऋषिकेश ठाकुर द्वारा निभाया गया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. प्रतिभा बिसेन ने किया। इस अवसर पर डॉ. विक्रम गौड़, डॉ. अतुल श्रीवास्तव, डॉ. उत्तम बिसेन, डॉ. शरद बिसेन, डॉ. एस.के. रजक सहित अन्य प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रथम वर्ष के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. एस.के. राय द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
विद्यार्थियों की नवाचारपूर्ण पहल का प्रदर्शन
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा किसानों एवं छात्र-छात्राओं के लिए विकसित की गई वेबसाइट का भी प्रदर्शन किया गया। वेबसाइट के माध्यम से कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी एवं विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों को एक मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। मुख्य अतिथि डॉ. धीरेन्द्र खरे सहित उपस्थित अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की इस नवाचारपूर्ण पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे तकनीकी ज्ञान, रचनात्मकता और कृषि शिक्षा के समन्वय का सराहनीय उदाहरण बताया।
विद्यार्थियों को मिला प्रेरणादायी मार्गदर्शन
मुख्य अतिथि डॉ. धीरेन्द्र खरे ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा, अनुसंधान, व्यावहारिक ज्ञान तथा विश्वविद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं शैक्षणिक अपेक्षाओं को जाना और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
समारोह के पश्चात डॉ. धीरेन्द्र खरे ने महाविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं सभागार सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्थागत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। महाविद्यालय भ्रमण एवं विद्यार्थियों के साथ हुए संवाद से नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल समापन नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालयीन जीवन, कृषि शिक्षा, तकनीकी नवाचार एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायी शुरुआत के रूप में रहा।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkrishi