#बालाघाट
कोरका में जनसमस्या निवारण शिविर, बैगा परिवारों को मौके पर मिली योजनाओं की सौगात
177 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण, 08 को मिले वन अधिकार पट्टे
बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित बैगा जनजातीय बहुल ग्रामों में जिला प्रशासन द्वारा शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में 18 सितंबर को ग्राम कोरका में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बैगा जनजाति के ग्रामीण अपनी समस्याओं और आवेदनों के साथ पहुंचे।
ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिविर स्थल पर विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। यहां संबल योजना में पंजीयन, आधार कार्ड बनवाने एवं अपडेशन, समग्र आईडी, जन्म प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों-कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। शिविर में वन मण्डलाधिकारी श्री रेशम सिंह धुर्वे, जनपद सीईओ श्री नितिन भट्ट, तहसीलदार सुश्री बबीता सूर्या, श्री डीएस परते, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, पीएचई के एसडीओ एवं अन्य विभागों के खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
एक ही शिविर में कई योजनाओं से जुड़े ग्रामीण
कोरका में आयोजित शिविर में संबल योजना के अंतर्गत 29 पंजीयन किए गए। वहीं 08 लोगों के नाम समग्र आईडी में जोड़े गए। एम-राशन मित्र पोर्टल पर 27 लोगों के नाम जोड़े गए। पेंशन का लाभ दिलाने के लिए 04 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें ऑनलाइन कर दिया गया है। बैगा ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। शिविर में जाति प्रमाण पत्र के लिए 86 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है, इनआवेदकों को एक सप्ताह के भीतर जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा पूर्व में तैयार किए गए 177 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण भी शिविर में किया गया।
बैगा परिवारों को शासन की आहार अनुदान योजना का लाभ दिलाने के लिए भी शिविर में आवेदन लिए गए। योजना के अंतर्गत 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर पात्रता के अनुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है। इस पहल से ऐसे परिवारों को शासकीय सहायता से जोड़ने में मदद मिलेगी, जो अभी तक योजना के लाभ से वंचित हैं।
14 नए आधार कार्ड बने, 22 का हुआ अपडेशन
शिविर में आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। यहां 14 नवीन आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 22 आधार कार्ड का अपडेशन किया गया। इसी तरह जन्म प्रमाण पत्र के लिए 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। ग्रामीणों को विवाह प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सेवाएं भी शिविर स्थल पर उपलब्ध कराई गईं। जनसमस्या निवारण शिविर में किसानों की समस्याओं को भी शामिल किया गया।
शिविर के दौरान 07 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए संस्थागत ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत होगी। शिविर में वन अधिकार पट्टे के लिए 32 नवीन आवेदन प्राप्त किये गए और 19 लोगो का बैंक खाता खाला गया। शिविर में 02 व्यक्तियों की समग्र ईकेवायसी की गई। शिविर में प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग श्री गुलशन बामरा द्वारा ग्राम कोदापार के 08 व्यक्तियों को वन अधिकार पट्टा प्रदान किया गया। इन लोगो द्वारा पिछले दिनों घुम्मुर में आयोजित शिविर में वन अधिकार पट्टा के लिए आवेदन किया गया था।
स्वास्थ्य जांच के साथ नि:शुल्क दवाओं का वितरण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यकतानुसार मरीजों को नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। बीमारी से प्रभावित क्षेत्र में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य जरूरी शासकीय सुविधाएं भी उनके गांव में ही उपलब्ध कराना रहा।
कोरका में आयोजित शिविर ने यह भी दिखाया कि दूरस्थ बैगा बहुल क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित न रहकर दस्तावेज, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, पेंशन, कृषि और आर्थिक सहायता से जुड़ी सेवाओं को भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों तक आने-जाने की परेशानी से राहत मिल रही है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal