गिरिडीह की बेटी प्रज्ञा नयन का साउथ फिल्म इंडस्ट्री में जलवा, 11 फिल्मों में कर चुकी हैं काम; अब मेगास्टार चिरंजीवी के साथ आएंगी नजर!
बरमसिया से हैदराबाद तक का सफर: संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा के दम पर बनाई फिल्मी दुनिया में खास पहचान
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह की प्रतिभाएं आज देशभर में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में गिरिडीह के बरमसिया की रहने वाली अभिनेत्री प्रज्ञा नयन साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर रही हैं। अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर उन्होंने फिल्मी दुनिया में खास मुकाम हासिल किया है। अब वह मेगास्टार चिरंजीवी के साथ भी एक फिल्म में नजर आने वाली हैं।
प्रज्ञा नयन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई डीएवी गिरिडीह से 12वीं तक पूरी की। इसके बाद प्रतिष्ठित बिट्स पिलानी से मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई के बाद उन्होंने विप्रो में कॉरपोरेट नौकरी शुरू की, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मी दुनिया की ओर ले गई। एक निर्देशक की नजर उन पर पड़ी और मॉडलिंग में करियर बनाने की सलाह दी। फेसबुक के जरिए पहला मॉडलिंग ऑडिशन देने के बाद उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखा और लैक्मे जैसे बड़े ब्रांड के साथ काम करने का अवसर मिला।
वर्ष 2020 में उनकी पहली फिल्म रिलीज हुई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक वह तेलुगु और हिंदी की करीब 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनकी चर्चित फिल्मों में 'कलिंगा' शामिल है। दर्शकों को अब इसके अगले भाग 'कलिंगा-2' का इंतजार है। इसके अलावा वह एक हिंदी फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसकी कहानी कश्मीर के डीजीपी और पुलिस विभाग की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
प्रज्ञा नयन ने फिल्मी सफर के दौरान कई कलाकारों के साथ काम किया है। अब मेगास्टार चिरंजीवी के साथ काम करने का अवसर उनके करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वह फिलहाल हैदराबाद में रहकर अपने फिल्मी करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
भाषाओं पर उनकी अच्छी पकड़ भी उन्हें खास बनाती है। हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, अंग्रेजी, बंगाली, पंजाबी और भोजपुरी सहित कई भाषाओं में काम कर रही प्रज्ञा अब जर्मन भाषा भी सीख रही हैं।
प्रज्ञा के पिता गिरिडीह डीसी कार्यालय में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत रहे हैं। एक सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। कई चुनौतियों और संघर्षों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में लगातार मेहनत जारी रखी।
गिरिडीह के बरमसिया से हैदराबाद की फिल्मी दुनिया तक प्रज्ञा नयन का सफर आज जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। प्रज्ञा की उपलब्धियां पूरे गिरिडीह के लिए गर्व का विषय हैं।
#PragyaNayan #GiridihKiBeti #Giridih #Barmasia #SouthFilmIndustry #Tollywood #Chiranjeevi #Kalinga2 #Bollywood #JharkhandTalent #GiridihNews #JharkhandNews #ProudMoment #WomenInCinema #highlightseveryone #facebookpost #nonfollowers