हरित रक्षा बंधन: बेटियों ने पेड़ों को बांधी राखी, लिया संरक्षण का संकल्प
हरित रक्षा बंधन बना जनभागीदारी का संदेश, जिलेभर में लगभग 50 हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग
#Rajsamandnews
राजसमंद। जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा की पहल पर रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा गुरुवार को जिले की समस्त 280 ग्राम पंचायतों में हरित रक्षा बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अनूठे नवाचार के तहत जिलेभर में बेटियों एवं ग्रामीणों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर लगभग 300 से 350 लोगों की भागीदारी रही। इस प्रकार जिलेभर में लगभग 50 हजार से अधिक लोगों ने हरित रक्षा बंधन अभियान में सहभागिता की।
सीईओ बैरवा की इस अभिनव पहल का जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत आत्मा में आयोजित किया गया, जिसमें जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बेटियों ने वृक्षों को राखी बांधकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। जिला कलेक्टर ने हरित रक्षा बंधन को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी एवं अनुकरणीय पहल बताते हुए आमजन से अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बेटियों ने पेड़ों को बांधी राखी:
हरित रक्षा बंधन कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित समारोहों में बेटियों ने वृक्षों को राखी बांधी और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए आमजन में पेड़ों के प्रति अपनत्व एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं, जनप्रतिनिधियों, पंचायत कार्मिकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
जिला कलेक्टर ने की नवाचार की सराहना:
जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने हरित रक्षा बंधन कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर आयोजित किया गया यह नवाचार आमजन को वृक्षों के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाई-बहन के रिश्ते में संरक्षण और जिम्मेदारी की भावना होती है, उसी प्रकार वृक्षों के प्रति भी संरक्षण का भाव विकसित किया जाना चाहिए।
अधिकाधिक पौधरोपण और संरक्षण का आह्वान:
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बेरवा ने भी जिलेवासियों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ ही पौधों को जीवित रखना और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हरित रक्षा बंधन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Rakhi
Rakshabandhan festival
Rajsamand news
District Collector & Magistrate - Rajsamand
Rajsamand Police
Deepti Kiran Maheshwari
Dr. C.P. Joshi