DM ने बरहट प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण, बच्चों की भी ली क्लास
जिला पदाधिकारी नवीन के निर्देशानुसार जिले के सभी वरीय अधिकारियों ने गुरुवार की दोपहर बाद 3:00 बजे तक विभिन्न विद्यालयों का गहन निरीक्षण किया। इसी क्रम में स्वयं जिला पदाधिकारी ने बरहट प्रखंड के स्वर्गीय शुक्रदास यादव मेमोरियल राजकीय उच्च विद्यालय, आदर्श राजकीय बुनियादी विद्यालय तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय ललमटिया का निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन की स्वच्छता व मात्रा, शौचालय एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं और विद्यालय के अभिलेखों का बारीकी से जायजा लिया, बल्कि एक शिक्षक की भांति कक्षा में जाकर स्वयं बच्चों को पढ़ाया। अत्यंत सहजता के साथ विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने बच्चों के वास्तविक ज्ञान स्तर को परखा। इतना ही नहीं, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को स्वयं जांचने के लिए उन्होंने अपने हाथों से खाना निकालकर बच्चों के साथ भोजन भी किया।
दरअसल कुछ दिन पूर्व जिला समन्वय समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को एक-एक विद्यालय गोद लेने का निर्देश दिया था। आज का यह निरीक्षण उसी महत्वाकांक्षी व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में उठाया गया एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। जिला पदाधिकारी ने आगे इस अभियान को और अधिक गति प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दिया है।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद जिला प्रशासन जिले के सर्वांगीण विकास और एक नए जमुई के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। शिक्षा ही किसी भी समाज के बुनियादी बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी सोच के साथ, सरकारी विद्यालयों में बुनियादी ढांचे से लेकर आधुनिक सुविधाओं को लगातार सुदृढ करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी अभिभावकों से अपील किया है कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालय अवश्य भेजें। #jamuibihar #dmjamui #jamuitopnews #zilaprashasanjamui
Jamui, Jamui | Sep 3, 2026