➡️ मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
*सागर, 21 नवंबर 2026*
मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने बड़तूमा स्थित निर्माणाधीन संत शिरोमणि रविदास मंदिर एवं संग्रहालय परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर के मॉडल, समरसता गैलरी, यात्री आवास गृह एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों का जायजा लिया।
श्री अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों, उच्च गुणवत्ता और तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने बताया कि लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में मंदिर एवं संग्रहालय का निर्माण हो रहा है। 66 फीट ऊँचा मुख्य मंदिर बिना लोहे के, पारंपरिक 'नागर शैली' में लाल पत्थरों से बन रहा है। परिसर में संग्रहालय एवं ऑडिटोरियम भी निर्माणाधीन हैं। लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।
इसके बाद श्री अहिरवार ग्राम बरकोटीकला पहुँचे, जहाँ किसान की कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार एवं पटवारी को मौके पर बुलाकर स्थल निरीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रकरण का मौके पर ही निराकरण कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। किसान को नियमानुसार पट्टा जारी करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, गुरु रविदास विश्वमहापीठ के पदाधिकारी डॉ. परशुराम, सहायक आयुक्त सुश्री अदिति शांडिल्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #sagar