➡️ नशा मुक्ति को लेकर ब्लॉक शाहगढ़ के हीरापुर में निकाली गई जन जागरूकता रैली
➡️ नवांकुर संस्था एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों द्वारा ग्रामवासियों को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
सागर 21 नवंबर 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, हीरापुर द्वारा नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन नवांकुर संस्था विश्वास सेवा समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।
आयोजित जागरूकता रैली में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवांकुर संस्था एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्यों सहित उपस्थित ग्रामीणों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के कार्यक्रम समन्वयक हीरा लाल अहिरवार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर साझा प्रयास करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था व प्रस्फुटन समिति के सदस्य तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे।
#JanSamparkMP #Sagar