कलेक्टर अक्षय गोदारा और एसपी लोकेश सोनवाल ने सपोटरा व कुड़गांव क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
करौली पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चौथे चरण के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अक्षय गोदारा और जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने गुरुवार को सपोटरा एवं कुड़गांव पंचायत समिति क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बालौती, कुड़गांव, चैनपुर बर्रिया, बुकना और जोड़ली के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतदान कक्षों, मतदाताओं के प्रवेश-निकास, पेयजल, बिजली, छाया और वरिष्ठ व दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प व व्हीलचेयर की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को भी परखा। वहीं, एसपी लोकेश सोनवाल ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सपोटरा एसडीएम अनूप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Badgaon, Udaipur | Nov 12, 2026