बच्चों के लिए खतरनाक है निमोनिया, लक्षण पहचानकर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें—सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना
करौली पांच साल तक की उम्र के छोटे बच्चों को निमोनिया से होने वाले खतरे से बचाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 नवंबर से जिले में 'सांस (SAANS) अभियान' की शुरुआत की गई है। जिला स्तर पर अभियान के शुभारंभ अवसर पर जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया, ताकि आमजन में निमोनिया की रोकथाम, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि निमोनिया फेफड़ों में होने वाला एक गंभीर संक्रमण है, जो बैक्टीरिया और वायरस के श्वास के माध्यम से शरीर में प्रवेश करने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से ये कीटाणु स्वस्थ व्यक्ति को भी प्रभावित कर सकते हैं। विशेष रूप से नवजात शिशु, कुपोषित बच्चे, बुजुर्ग, पुराने हृदय रोगी, धूम्रपान व शराब के आदी लोग तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका खतरा अधिक रहता है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी बीसीएमओ और चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।सीएमएचओ ने बताया कि तेज बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में तकलीफ या पसलियां चलना, छाती या पेट में दर्द और खांसी के साथ बलगम या खून आना निमोनिया के प्रमुख लक्षण हैं। पांच वर्ष तक के बच्चों में इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करें।पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान डीटीओ डॉ. धर्मेंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष पांडे, जिला कार्यक्रम समन्वयक (आशा) विश्वेंद्र कुमार शर्मा और जिला कार्यक्रम समन्वयक (आईईसी) लखन सिंह लोधा मौजूद रहे।