🚨 *ब्रेकिंग | इंस्टाग्राम से खरीदे जाली नोट, कोटा में खपाने आया युवक गिरफ्तार*
कोटा ग्रामीण पुलिस ने जाली नोटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के एक युवक को ₹59,300 के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ₹200 और ₹100 के कुल 308 जाली नोट बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा, डीएसपी नरेन्द्र जैन और एसआई रामप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि छबड़ा रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास एमपी नंबर की बाइक और बैग के साथ एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें बैग से ₹59,300 के जाली नोट बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद कुशवाह (38) निवासी पिपरोदा खुर्द, गुना कैंट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने इंस्टाग्राम पर बने परिचित 'रवि' से ₹20,000 में ये नकली नोट खरीदे थे और उन्हें स्थानीय दुकानों पर चलाने के इरादे से कोटा आया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सभी जाली नोट जब्त कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है। साथ ही इंस्टाग्राम के जरिए जाली नोटों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।
#KotaPolice #KotaNews #RajasthanNews #FakeCurrency #CrimeNews #Kota #Rajasthan #BreakingNews
Ladpura, Kota | Jul 13, 2026