छठ घाटों की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा और सफाई पर विशेष जोर
जहानाबाद :
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने यमुना-दरधा संगम घाट और दक्षिणी काको घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और छठव्रतियों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित सफाई कराने, जलकुंभी हटाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम, शौचालय और सफाई कर्मियों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम ने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। वहीं, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को आवश्यकतानुसार गोताखोरों की तैनाती करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया।
विद्युत सुरक्षा को लेकर कार्यपालक अभियंता को घाटों और संपर्क मार्गों के आसपास बिजली के तारों की जांच कराने को कहा गया। खुले और नंगे तारों को सुरक्षित करने तथा सुरक्षित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने अग्निशमन सुरक्षा, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।