पुलिस दीदी की टीम बाइक व स्कूटी से कर रही सघन गश्ती, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष नजर
जहानाबाद : जिले में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष पहल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर पुलिस दीदी की टीम बाइक एवं स्कूटी से विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्ती कर रही है।
इस दौरान स्कूलों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। टीम महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ छात्राओं और बच्चों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने तथा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है।