मैट्रिक के 14 और इंटर के 17 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, कदाचारमुक्त परीक्षा पर जोर
जहानाबाद : वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में केंद्र चयन समिति की बैठक हुई। इसमें परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए 14 और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 17 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रस्तावित केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था करने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अनुभवी और जिम्मेदार केंद्राधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को सभी संभावित केंद्राधीक्षकों के साथ शीघ्र बैठक कर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारी पूरी करने और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।