प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
10 सितंबर 2026
शीर्षक: जमुई में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु प्रखंड स्तरीय बैठकों का आयोजन, जिला खेल पदाधिकारी ने खेल के विकास एवं खेल योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
जमुई: जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने, खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल क्लबों के सुचारू संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार प्रखंड वार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जमुई एवं लक्ष्मीपुर प्रखंडों में इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया।
इन बैठकों में जिला खेल पदाधिकारी जमुई, श्री परिमल ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी व प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षक तथा पंचायत खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के साथ संवाद स्थापित किया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने आगामी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता तथा 'मशाल' खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही पंचायतों में नवनिर्मित खेल मैदानों का समुचित व प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति साझा की गई, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिल सकें।
जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय जमुई के खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाना है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए खिलाड़ियों को संसाधनों की उपलब्धता के साथ-साथ निरंतर और कठोर अभ्यास पर विशेष बल देने के लिए प्रेरित किया गया जा रहा है।
34 views | Jamui, Bihar | Sep 10, 2026