प्रेस नोट
विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एनडीआरएफ टीम द्वारा विद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित
जमुई। जिला पदाधिकारी, जमुई के निर्देश के आलोक में 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सिकंदरा एवं अलीगंज प्रखंड के विद्यालयों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस क्रम में सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत +2 यूएचएस, महादेव सिमरिया तथा अलीगंज प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मिर्जागंज में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को विभिन्न आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ टीम द्वारा वज्रपात, डूबने की घटना, लू/हीटवेव, भूकंप एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों एवं अपनाए जाने वाले बचाव उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, त्वरित प्रतिक्रिया एवं बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सजगता, धैर्य एवं सूझ-बूझ के साथ कार्य करना आवश्यक है। उचित सावधानी एवं समय पर की गई कार्रवाई से आपदा के प्रभाव को कम करने के साथ-साथ बहुमूल्य मानव जीवन एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम किया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों की आपदा से निपटने की क्षमता को विकसित करना रहा।
जिला आपदा प्रबंधन शाखा, जमुई द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
32 views | Jamui, Bihar | Sep 10, 2026