#बालाघाट
संदीपनी स्कूल में वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
500 छात्र-छात्राओं ने सीखी बचत, डिजिटल लेन-देन और साइबर सुरक्षा की बारीकियां
विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संदीपनी स्कूल, बालाघाट में वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी श्री विनय मोरे ने विद्यार्थियों को वित्तीय विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं व्यवहारिक तरीके से प्रदान कीं। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीव कुमार, विद्यालय के प्राचार्य श्री युवराज रहांगडाले सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के कॉमर्स, साइंस, एनसीसी एवं आर्ट्स संकाय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
RBI की भूमिका से लेकर बचत और बजट तक की जानकारी
श्री विनय मोरे ने विद्यार्थियों को भारतीय रिजर्व बैंक की भूमिका एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए मुद्रा एवं बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझाया। उन्होंने सोइल्ड एवं म्यूटिलेटेड नोट्स, सिक्कों तथा दृष्टिबाधित व्यक्तियों द्वारा नोटों की पहचान किए जाने के तरीकों की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों को बचत के महत्व, व्यक्तिगत बजट तैयार करने की प्रक्रिया तथा भविष्य के लिए वित्तीय योजना बनाने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। साथ ही सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और अटल पेंशन योजना के बारे में भी बताया गया।
डिजिटल बैंकिंग को सुरक्षित तरीके से अपनाने पर जोर
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बदलते दौर में डिजिटल बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान साधनों की उपयोगिता के बारे में बताया गया। डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, चेक, मोबाइल बैंकिंग एवं इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से किए जाने वाले लेन-देन की जानकारी देते हुए डिजिटल भुगतान के लाभ समझाए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से डिजिटल लेन-देन के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, PIN अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
साइबर फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
कार्यक्रम में साइबर धोखाधड़ी से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें फर्जी फोन कॉल, ई-मेल, संदिग्ध लिंक और अनधिकृत ऐप्स से सावधान रहने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे केवल सुरक्षित एवं अधिकृत ऐप और वेबसाइट का ही उपयोग करें। साथ ही बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो उसे घबराने के बजाय तत्काल अपने बैंक तथा संबंधित प्राधिकरण को इसकी सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
शिक्षा ऋण और करियर के अवसरों पर भी चर्चा
विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध शैक्षणिक ऋण की सुविधा एवं उसके लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा चुने गए विषयों एवं संकायों के आधार पर भविष्य में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न वित्तीय योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग से संबंधित जानकारी शॉर्ट वीडियो के माध्यम से भी प्रस्तुत की गई। इससे विद्यार्थियों को जटिल वित्तीय विषयों को सरलता से समझने में मदद मिली।
सरल भाषा में वित्तीय साक्षरता का संदेश
अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के महत्व को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वित्तीय मामलों में जागरूकता न केवल स्वयं के लिए बल्कि परिवार और समाज के लिए भी उपयोगी होती है। सही जानकारी और सावधानी के साथ डिजिटल बैंकिंग का उपयोग सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, साइबर सुरक्षा एवं विभिन्न योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक, डिजिटल रूप से सक्षम और साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में बचत, निवेश, बैंकिंग एवं करियर से जुड़े सही निर्णय लेने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी मिली।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump #CyberSuraksha
21 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 26, 2026