#बालाघाट
कृषि विभाग ने किसानों के खेतों में पहुंचकर किया निरीक्षण
सवाना कंपनी के धान बीज के कम अंकुरण की शिकायत पर गठित दल ने खेतों का लिया जायजा
उपसंचालक कृषि के निर्देशानुसार विकासखंड लालबर्रा के ग्राम नेवरगांव में किसानों द्वारा सवाना कंपनी के धान बीज के कम अंकुरण संबंधी शिकायत की जांच के लिए कृषि विभाग के दल द्वारा किसानों के खेतों का निरीक्षण किया गया। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा जांच दल गठित कर मौके पर पहुंचकर फसल एवं बीज के अंकुरण की स्थिति का जायजा लिया गया।
जांच दल में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री राजेश खोबरागड़े, एनएफएसएम प्रमुख श्री हिमांशु टेंभरे एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमेश अमूले शामिल रहे। दल ने ग्राम नेवरगांव पहुंचकर संबंधित किसानों के खेतों का निरीक्षण किया तथा खेतों में लगी धान की फसल की स्थिति, पौधों की संख्या एवं अंकुरण की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान किसानों से बीज की खरीदी, बुवाई की प्रक्रिया, बीज की मात्रा, बुवाई की तिथि तथा खेत में अपनाई गई कृषि पद्धति के संबंध में जानकारी ली गई। दल द्वारा किसानों से उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक समझते हुए खेतों में मौके पर फसल की स्थिति का परीक्षण किया गया।कृषि अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को फसल प्रबंधन तथा धान की फसल में बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक कृषि तकनीकी जानकारी भी प्रदान की। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं मौके पर फसल की स्थिति के आधार पर विभाग द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं जांच की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कृषि विभाग ने किसानों को आश्वस्त किया कि बीज के अंकुरण से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि कृषि आदान सामग्री से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर तत्काल संबंधित कृषि अधिकारियों को इसकी जानकारी दें, ताकि समय पर उसका परीक्षण एवं निराकरण किया जा सके। गौरतलब है कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर कृषि आदान विक्रेताओं एवं किसानों के खेतों का निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में नेवरगांव में किसानों द्वारा की गई कम अंकुरण की शिकायत पर विभागीय दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi
31 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 26, 2026