जवारे विसर्जन को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, 19-20 घायल, 4 की हालत गंभीर
जवारे विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सोमवार को कोंच-नदीगांव मार्ग पर ग्राम कनासी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बच्चों सहित 19 महिला-पुरुष घायल हो गए। इनमें 4 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कैलिया खुर्द निवासी गयाप्रसाद जाटव के यहां जवारे विसर्जन होना था। इसके लिए श्रद्धालु तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हरदोई गुर्जर और कोटरा जा रहे थे। कोंच-नदीगांव मार्ग पर ग्राम कनासी के पास बीच में चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पलटते ही श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए अन्य श्रद्धालुओं की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला। इसके बाद दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से सभी घायलों को कोंच सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि हादसे में 19-20 लोग घायल हुए हैं। इनमें 4 को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम कोंच और सीओ कोंच मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
Orai, Jalaun | Oct 19, 2026