न्यायोत्सव-2026 के तहत विदिशा में निकली साइकिल एवं बाइक रैली
----------------------------------------------
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री शेख सलीम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, आमजन को दिया निःशुल्क विधिक सहायता एवं सुलभ न्याय का संदेश
----------------------------------------------
विदिशा। न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विदिशा द्वारा विधिक जागरूकता एवं आमजन तक न्याय की सुलभता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से साइकिल एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शेख सलीम ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए न्यायिक सेवाओं, विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रधान जिला न्यायाधीश श्री शेख सलीम ने कहा कि न्यायोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। न्याय केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साइकिल एवं बाइक रैली जैसे आयोजन विधिक जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
▪️ विधिक सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता -
जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राजेश शर्मा ने बताया कि न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनके माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता तथा अन्य विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधिक रूप से जागरूक नागरिक ही अपने अधिकारों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकता है। ऐसे आयोजनों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शामिल करने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान में संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को उनके संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। बच्चों को जागरूक किया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ असामान्य व्यवहार करता है अथवा उन्हें किसी प्रकार की असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो वे बिना किसी डर या भय के इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
▪️ शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली, समान एवं सुलभ न्याय का संदेश दिया -
साइकिल एवं बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर दुर्गा नगर चौराहा, अहमदपुर तिराहा, पीतल मिल चौराहा एवं इंडस्ट्रियल एरिया सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आम नागरिकों को विधिक जागरूकता, समान न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्यायिक सेवाओं की उपलब्धता का संदेश दिया।
▪️ न्यायोत्सव में विभिन्न वर्गों की सहभागिता -
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैरालीगल वालेंटियर्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। न्यायोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित यह साइकिल एवं बाइक रैली विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने, बच्चों को सुरक्षित बचपन के प्रति जागरूक करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को विधिक सेवाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। इसके माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति को समान न्याय प्राप्त करने का अधिकार है और जरूरतमंद पात्र व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। #vidisha Jansampark Madhya Pradesh
5 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026