शासकीय आईटीआई विदिशा में उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
--------------------------------------
विदिशा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, विदिशा में आज उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक श्री बी.एस. बघेल, नाबार्ड से श्रीमती जगप्रीत कौर एवं जिला उद्योग केंद्र से महाप्रबंधक श्रीमती जयंती कुमारी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि आईटीआई से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात वे केवल नौकरी पर निर्भर न रहकर स्वयं का व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं, बैंक ऋण सुविधाओं, वित्तीय सहायता एवं उद्यम स्थापना की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं का लाभ उठाकर अपना उद्यम प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही व्यवसाय की योजना तैयार करने, बैंक से ऋण प्राप्त करने तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर सफल उद्यमी बनने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने वाले युवाओं के उदाहरण भी साझा किए गए। इनमें मोटर मैकेनिक व्हीकल के पूर्व प्रशिक्षणार्थी राजा यादव द्वारा मोटर वर्कशॉप स्थापित की गई, केशव पाल्य का कार डेकोरेशन का कार्य ,राजेंद्र कुमार की वेल्डिंग वर्कशॉप,वीरेंद्र विश्वकर्मा एवं धर्मेंद्र विश्वकर्मा द्वारा स्वयं के स्वरोजगार स्थापित किए गए। सोलर संबंधी कार्य, मोटर वाइंडिंग एवं वेल्डिंग वर्कशॉप जैसे तकनीकी व्यवसायों के माध्यम से रोजगार स्थापित करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करना, उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना तथा कौशल प्रशिक्षण को आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना रहा। इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षण अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। #Vidisha #JansamparkMP