L&T कंपनी द्वारा आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को OJT एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की गई
-----------------------------------
विदिशा। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, विदिशा में L&T कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा संस्थान के इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कारपेंटर एवं वेल्डर व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों के लिए ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षक श्री संजय गावली द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को महाराष्ट्र के पनवेल स्थित प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाली दो माह की OJT के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने प्रशिक्षण की प्रक्रिया, औद्योगिक कार्यप्रणाली एवं प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। कंपनी द्वारा OJT के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को रहने एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा ₹1,250 प्रतिमाह स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि OJT पूर्ण करने के पश्चात आईटीआई उत्तीर्ण करने पर कंपनी द्वारा लगभग ₹19,000 प्रतिमाह वेतन पर रोजगार का अवसर (Job Offer) भी प्रदान किया जाएगा।
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी एवं रोजगार की संभावनाओं से प्रभावित होकर संस्थान के कुछ प्रशिक्षणार्थियों ने उक्त OJT कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु अपनी सहमति व्यक्त की। इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके व्यावहारिक कौशल में वृद्धि करना तथा उन्हें प्रशिक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्थान के प्राचार्य ने कंपनी के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान निरंतर प्रयासरत है कि प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से जोड़कर उनके कौशल विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। #Vidisha Jansampark Madhya Pradesh