समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 15 अक्टूबर 2026
दशहरा पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मिशन ज्ञानार्जन, मिशन कायाकल्प एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की भी समीक्षा
जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें दशहरा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, मिशन ज्ञानार्जन, मिशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं समरसता विकास शिविर की प्रगति की जानकारी दी गई।
दशहरा पर्व पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम: जिले में 346 पूजा पंडालों (बक्सर अनुमंडल में 151 एवं डुमरांव अनुमंडल में 195 प्रस्तावित) के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 199 स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 33 स्थलों पर गश्ती दल, दोनों अनुमंडलों में एक-एक जोनल दंडाधिकारी तथा बक्सर में 5 और डुमरांव में 3 QRT गठित की गई हैं। 19 स्थानों पर बैरियर एवं पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06183-223333 है। पूजा पंडालों में CCTV, भीड़ नियंत्रण, अलग प्रवेश-निकास द्वार, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विजयादशमी का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को किला मैदान में तथा भरत मिलाप लीला 22 अक्टूबर को यमुना चौक में निर्धारित है।
मिशन ज्ञानार्जन: विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, कौशल विकास एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों में कौशल मानचित्रण, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के सेमिनार तथा विज्ञान प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने एयर प्यूरीफायर, वाटर प्यूरीफायर, भूकंपरोधी मकान सहित लगभग 135 नवाचार आधारित मॉडल प्रदर्शित किए।
मिशन कायाकल्प: जिले में 1,360 योजनाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 1,668 योजनाएं ली गई हैं। इनमें 428 को तकनीकी स्वीकृति, 422 को प्रशासनिक स्वीकृति, 98 को चयन एवं अनुमोदन, 169 पर कार्य प्रारंभ तथा 80 योजनाओं का कार्य पूर्ण हुआ है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: जिले में 1,680 घरेलू उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें 258 परिसरों में सोलर पैनल लगाए गए तथा 169 उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त 4,129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। नवंबर 2026 तक सभी संबंधित उपभोक्ताओं के सोलर पैनल चालू करने का लक्ष्य है। जनजागरूकता के लिए जिले के 15 पूजा पंडालों में सोलर पैनल संबंधी शिविर लगाए जाएंगे।
श्री गुरु संत रविदास समरसता विकास शिविर: जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित शिविरों के माध्यम से 22 योजनाओं के अंतर्गत कुल 4,673 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 3,046 का निष्पादन किया गया है तथा 1,627 आवेदन लंबित हैं। दिनांक 15 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में आयोजित 17 शिविरों के लिए विकास मित्रों द्वारा पूर्व में 229 आवेदन प्राप्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने, विकास योजनाओं में तेजी लाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police Welfare department Energy Department Bihar Education Department Buxar Education Department जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #CMOBihar #bihar
9 views | Buxar, Bihar | Oct 15, 2026