#भरतपुर। शहर के मुखर्जी नगर स्थित जिंदल अस्पताल में बुधवार सुबह उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मंगलवार देर रात भर्ती कराई गई 42 वर्षीय महिला रेणु कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बरौली चौथ, डीग निवासी मृतका को पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने रात में पूरे पैसे जमा कराकर मरीज को आईसीयू में रखा और सुबह तक उन्हें अंधेरे में रखकर अचानक मौत की सूचना दे दी। परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (शहर) आशिमा वासवानी, कोतवाली और अटलबंद थानाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अस्पताल में जुटी भीड़ को देखते हुए पुलिस जाप्ता तैनात कर परिजनों से समझाइश की गई।