#भरतपुर। नदबई थाना क्षेत्र के गांव बरवारा में एक किसान के खेत में रखे पशु चारे और जलाऊ ईंधन में अचानक आग लग गई, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ित किसान रामकिशन मीणा के अनुसार, शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने खेत में रखे चारे से धुआं उठते देख उन्हें इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचने के बाद किसान ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के अन्य खेत-खलिहान इसकी चपेट में आने से बच गए। इस अग्निकांड में किसान की करीब 2 बीघा फसल से तैयार की गई कड़बी का चारा तथा पास ही रखे गोबर के उपले और लकड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।