"कुछ भी हो जाए, बोर्ड कांग्रेस का ही बनेगा.."
भरतपुर। जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। डोटासरा ने दावा किया कि पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा अब धनबल और पुलिस के दम पर जिला परिषद सदस्यों की खरीद-फरोख्त कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भरतपुर में कांग्रेस के जीते हुए 21 जिला परिषद सदस्यों में से तीन को भाजपा ने उठवा लिया है और सदस्यों को खरीदने के लिए 60-60 लाख रुपये तक के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। अपने 18 जिला परिषद सदस्यों को मीडिया के सामने पेश करते हुए डोटासरा ने कहा कि "चाहे गोलियां चल जाये, भरतपुर में कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा।" उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की नाक बचाने के लिए जो अफसर गुंडागर्दी में साथ दे रहे हैं, उन्हें समय आने पर सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। डोटासरा ने आरोप लगाया कि चौमूं के जिस होटल में कांग्रेस के सदस्य ठहरे हैं, वहां स्थानीय पुलिस अधिकारी होटल प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं और भाजपा नेताओं द्वारा सदस्यों को लगातार प्रलोभन भरे संदेश भेजे जा रहे हैं।