#कार्तिक_पूर्णिमा पर बलिया में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बलिया में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीपदान और दान-पुण्य भी किया। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों से भी लोग स्नान के लिए पहुंचे। मेले में पूजन सामग्री, खिलौने और खानपान की दुकानों पर भी भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन एवं पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं। पूरे दिन गंगा घाटों पर हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।