दहेज हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
बलिया, 24 नवंबर 2026।
फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शशि प्रकाश राय (38) पुत्र स्व. प्रहलाद राय निवासी माल्देपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को माल्देपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर फेफना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 212/26 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस और धारा 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उपनिरीक्षक गणेश पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी को खोडीपाकड़ स्टैंड से सागरपाली जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गणेश पाण्डेय के साथ कांस्टेबल शोभित मौर्य और अशोक यादव शामिल रहे।