देवास में मिठाई कारोबार पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 1050 किलो मिठाइयां नष्ट
एनालॉग मावे से बनी 770 किलो मिठाई न्यू स्वदेशी स्वीट्स से जब्त, राजस्थान स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सिलेंडर जब्त, कई दुकानों से मिठाइयों और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे
देवास। त्योहारों के बीच मिलावटी और अमानक मिठाइयों के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा गठित संयुक्त जांच दलों ने देवास शहर सहित खातेगांव और बागली-चापड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1050 किलो से अधिक अमानक एवं मिलावटी मिठाइयों को नष्ट कराया। इसके साथ ही 30 लीटर अमानक दूध का भी विनष्टीकरण किया गया।
कार्रवाई के दौरान देवास के नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स से एनालॉग मावे से तैयार 770 किलो सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग मिलने पर दो सिलेंडर भी जब्त किए गए। नापतौल विभाग ने भी अनियमितता पर कार्रवाई की। खाद्य विभाग संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए प्रस्ताव भेजेगा।
इसी तरह स्टेशन रोड स्थित राजस्थान स्वीट्स में बिक्री के लिए रखी एनालॉग मावे से बनी करीब 200 किलो मिठाई नष्ट कराई गई। लाल गेट स्थित रेखा मिष्ठान भंडार में चींटियां और दूषित वातावरण मिलने पर करीब 50 किलो मावा बर्फी नष्ट कराई गई।
हनुमान बाखल स्थित गायत्री स्वीट्स से मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। यहां भी घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर एक सिलेंडर जब्त किया गया। जोधपुर स्वीट्स, नवीन मिल्क प्रोडक्ट और माहेश्वरी स्वीट्स से भी मावा एवं मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खातेगांव और बागली में भी कार्रवाई
खातेगांव के वार्ड क्रमांक-3 स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार से एनालॉग मावे से बनी करीब 30 किलो मिठाई और 30 लीटर अमानक दूध नष्ट कराया गया। राजस्थान स्वीट्स, होटल एच.आर. ग्रीन एंड रिसॉर्ट और प्रकाश स्वीट्स से भी विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
बागली और चापड़ा में श्री सांवरिया स्वीट्स, बालाजी मिष्ठान भंडार और श्री मनमाने स्वीट्स से मावा एवं मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए गए।
4 नवंबर को भी हुई थी कार्रवाई
प्रशासन की टीम ने 4 नवंबर को भी देवास में जोधपुर स्वीट्स, स्वास्तिक रेस्टोरेंट एंड केटरर्स और बलराम नमकीन से विभिन्न मिठाइयों, मावे एवं ड्रायफ्रूट उत्पादों के नौ नमूने लिए थे। मुरैना गजक भंडार में घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सिलेंडर जब्त किया गया था, जबकि बलराम बेकरी पर नापतौल विभाग ने कार्रवाई की थी।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
जांच के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को सील कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह भी है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चल रही यह मुहिम कितनी प्रभावी साबित होगी और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी प्रतिष्ठानों पर वास्तव में कितनी सख्त कार्रवाई होती है।