देवास में मिलावटखोर मिठाई कारोबारी पर FIR, 770 किलो एनालॉग मावा मिलने के बाद प्रशासन सख्त
न्यू स्वदेशी स्वीट्स के संचालक अंकुर जैन पर बार-बार प्रतिबंधित मावे का उपयोग करने का आरोप, 15 प्रतिष्ठानों की जांच में 30 किलो मावा-बर्फी जब्त
देवास। दीपावली के पहले मिलावटी मिठाइयों के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। देवास के न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन के संचालक अंकुर जैन के खिलाफ नाहर दरवाजा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि पहले भी कार्रवाई होने के बावजूद प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित एनालॉग मावे का उपयोग कर मिठाइयां बनाई और बेची जा रही थीं।
मामले में 5 नवंबर को प्रतिष्ठान से 770 किलो एनालॉग मावा और उससे बनी मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई गई थीं। इससे पहले 26 अगस्त को भी इसी प्रतिष्ठान से करीब 300 किलो एनालॉग मावा और मिठाइयां जब्त की गई थीं। लगातार दूसरी बार बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मावा मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने संचालक अंकुर जैन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 51, 52, 55 और बीएनएस की धारा 274 व 275 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है।
पांच दिन में 38 प्रतिष्ठानों की जांच, 4.86 लाख का माल जब्त
कलेक्टर नेहा मीना द्वारा गठित जांच दलों ने पिछले पांच दिनों में जिले के 38 प्रतिष्ठानों की जांच कर 78 नमूने लिए हैं। इस दौरान 4 लाख 86 हजार 500 रुपये मूल्य का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा और उससे निर्मित मिठाइयां तथा 30 लीटर दूध जब्त किया गया है।
देवास सहित चार क्षेत्रों में 15 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
शुक्रवार को देवास, टोंकखुर्द, सतवास और हाटपीपल्या में खाद्य आपूर्ति एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने 15 प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों से 25 किलो एनालॉग मावा और एक प्रतिष्ठान से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 12 हजार रुपये से अधिक बताया गया है।
देवास में बालाजी स्वीट्स बस स्टैंड से मिल्क केक का नमूना लिया गया। शिवशक्ति मिल्क कॉर्नर और गुरु कृपा मावा भंडार से 10-10 किलो तथा शिवशक्ति मावा भंडार से 5 किलो एनालॉग मावा जब्त किया गया। वहीं गीता श्री स्वीट्स से 5 किलो एनालॉग मावे से बनी बर्फी जब्त की गई। महेश्वरी स्वीट्स जवाहर चौक से मावा बर्फी का नमूना लिया गया।
टोंकखुर्द के राजस्थानी स्वीट्स एंड नमकीन से मावा और मिल्क केक के नमूने लिए गए। यहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दो घरेलू सिलेंडर भी जब्त किए गए।
सतवास के चार प्रतिष्ठानों से 15 और हाटपीपल्या के चार प्रतिष्ठानों से 9 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं, निगरानी का भी
बार-बार कार्रवाई के बावजूद यदि एक ही प्रतिष्ठान से प्रतिबंधित मावा और उससे बनी मिठाइयां मिल रही हैं, तो यह खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि एफआईआर और जब्ती की कार्रवाई के बाद मिलावट के इस कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।