समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1974,
दिनांक: 25 नवंबर 2026,
==================
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पूर्णिया में शिक्षा सेवकों का दो दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ:-
जिले की शिक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर से सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० जिला पदाधिकारी, पूर्णिया के निर्देश के आलोक में बुधवार से शिक्षा सेवकों (तालिमी मरकज एवं टोला सेवकों) का दो दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। बिहार शिक्षा परियोजना, पूर्णिया के मार्गदर्शन और यूनिसेफ (बिहार, पटना) के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण अभियान 25 नवंबर से शुरू होकर आगामी 15 दिसंबर 2026 तक डी.आर.सी.सी. (DRCC), पूर्णिया में निरंतर जारी रहेगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में विद्यार्थियों की ट्रांजिशन दर को बढ़ाना तथा विद्यालयों से छात्रों की छीजत (ड्रॉपआउट) पर प्रभावी अंकुश लगाना है, ताकि पोषक क्षेत्र के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी प्रखंडों को कुल आठ बैचों में विभाजित किया गया है, जिसके माध्यम से 800 से अधिक शिक्षा सेवकों की क्षमता का संवर्धन किया जाएगा। आज पहले बैच के अंतर्गत अमौर प्रखंड के शिक्षा सेवकों के साथ इस प्रशिक्षण की शुरुआत हुई है, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से बायसी, के.नगर, बैसा, कसबा, डगरुआ, श्रीनगर, भवानीपुर, पूर्णिया पूर्व, जलालगढ़, रूपौली, बी.कोठी, धमदाहा और बनमनखी प्रखंडों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
दो दिवसीय इस सघन प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा सेवकों को घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों (OOSC) की पहचान करने और बालपंजी का नियमित संधारण करने की बारीकियाँ सिखाई जा रही हैं। साथ ही, 6 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का उम्र-सापेक्ष कक्षा में नामांकन सुनिश्चित करने तथा 14 से 18 आयु वर्ग के पढ़ाई छोड़ चुके किशोरों को एनआईओएस (NIOS) एवं बीबोस (BBOSE) के माध्यम से पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष बल दिया जा रहा है। विशेष रूप से कक्षा 5 से 6 और कक्षा 8 से 9 में विद्यार्थियों की निरंतरता बनाए रखने के लिए विद्यालय, अभिभावकों और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की व्यावहारिक रणनीतियाँ साझा की जा रही हैं।
#cmsamrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Nov 26, 2026