शासकीय स्कूलों में बलराम जयंती और जन्माष्टमी के कार्यक्रम आयोजित
बलराम जयंती के अवसर पर शासकीय मॉडल स्कूल, सीहोर में विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भगवान बलराम जी के जीवन, व्यक्तित्व, आदर्शों एवं कृषि-प्रधान विचारधारा से परिचित कराया। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और जीवन में कृषि के महत्व के साथ ही अन्नदाता किसानों के योगदान की जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि से जुड़े वर्तमान एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी विद्यार्थियों से चर्चा की गई।
शिक्षकों ने कहा कि भगवान बलराम जी का जीवन श्रम, प्रकृति और कृषि के प्रति सम्मान की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर श्रम का सम्मान करने, प्रकृति के संरक्षण तथा कृषक एवं कृषि के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसी क्रम में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगावली में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय में मटकी सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से मटकियों को सजाया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित कृष्ण लीलाओं का मंचन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय एवं प्रस्तुतियों से श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पर्वों के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, सहभागिता और अपनी समृद्ध भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
13 views | Sehore, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026