# जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी फरार होने पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित
**एसपी धर्मराज मीणा ने की कार्रवाई, प्रधान आरक्षक सहित पांच जवानों पर गिरी गाज; ड्यूटी में लापरवाही के प्रथम दृष्टया आरोप**
**मुरैना।** जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से 232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के आरोपी जसवीर सिंह बग्घा के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। बंदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के प्रथम दृष्टया आरोप सामने आए हैं।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक राम भरोषी, आरक्षक विक्रम भदौरिया, आरक्षक सत्यवीर, आरक्षक वीरेंद्र और आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पंजाब निवासी जसवीर सिंह बग्घा को नूराबाद थाना पुलिस ने 232 किलो डोडा-चूरा की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल में तबीयत खराब होने और दस्त की शिकायत के बाद उसे उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के कैदी वार्ड में उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बंदी वार्ड की कुंडी खोलकर फरार हो गया। घटना के समय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के सोते रहने की बात भी सामने आई है। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी धर्मराज मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही के प्रथम दृष्टया आरोप में प्रधान आरक्षक सहित पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार बंदी जसवीर सिंह बग्घा की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
Gwalior Gird, Gwalior | Nov 10, 2026