सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.10 लाख रुपये की ठगी का आरोप, पीड़ित ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
मुरैना। जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पिपरई का पुरा निवासी धर्मेंद्र सिंह पिप्पल ने ग्वालियर निवासी राजीव दुबे के खिलाफ कलेक्टर मुरैना को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित धर्मेंद्र सिंह पिप्पल के अनुसार, अप्रैल 2026 में राजीव दुबे ने उन्हें सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। इसके एवज में आरोपी ने 5 लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी मिलने की उम्मीद में उन्होंने ब्याज पर रकम जुटाकर 1 लाख 10 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से आरोपी को ट्रांसफर कर दिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी नौकरी लगवाने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की।
धर्मेंद्र सिंह पिप्पल ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।