तिलवाड़ा में विदेशी मदिरा की दुकान का औचक निरीक्षण, रेट लिस्ट में मिली खामी,,
निर्धारित मूल्य सूची में कुछ ब्रांडों के दाम दर्ज नहीं मिले, विक्रेता और अनुज्ञापी से तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण,,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने तिलवाड़ा स्थित विदेशी मदिरा की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान में उपलब्ध स्टॉक, अभिलेखों और विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। निर्धारित रेट लिस्ट में कुछ ब्रांडों के मूल्य दर्ज नहीं पाए जाने पर विभाग ने इसे अनियमितता मानते हुए विक्रेता और अनुज्ञापी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने अधिकृत विक्रेता की उपस्थिति में स्टॉक पंजिका का भौतिक सत्यापन किया। इसके साथ ही मूल्य संबंधी विवरण, वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के लिए जारी अनुज्ञापन, बिक्री मशीन, सीसीटीवी कैमरों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई। दुकान के बाहर अनुज्ञापी का नाम, अनुज्ञापन वर्ष और अनुज्ञापन का प्रकार अंकित पाया गया। परिसर में अग्निशमन यंत्र भी लगा मिला, जिसकी वैधता 10 मई 2027 तक है।
टीम ने दुकान के बाहर प्रदर्शित सामान्य निर्देश बोर्ड और निर्धारित मूल्य सूची का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा दुकान परिसर में साफ-सफाई, दुकान खुलने और बंद होने का समय तथा मैनुअल बिल बुक की उपलब्धता की जांच की गई।
रेट लिस्ट में कुछ ब्रांडों के मूल्य दर्ज नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान दुकान के बाहर चस्पा निर्धारित मूल्य सूची में कुछ ब्रांडों के मूल्य अंकित नहीं पाए गए। इस पर विभाग ने संबंधित विक्रेता और अनुज्ञापी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में मदिरा और बीयर की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने स्पष्ट किया कि मदिरा की दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दुकानों में व्यवस्थाओं की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।