रुद्रप्रयाग में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 12 वाहनों के चालान,,
रात में हुई वाहनों की जांच, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित जरूरी दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों को परखा,,
रुद्रप्रयाग जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटर वाहन अधिनियम का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर संचालित अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वाहन कर, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी), हिल एंडोर्समेंट, ड्राइविंग लाइसेंस, रिफ्लेक्टर, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही, वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग और अन्य सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन को भी परखा गया।
जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के चालान किए गए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस तरह की चेकिंग महत्वपूर्ण है।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र वैध रखें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। विभाग ने कहा कि नियमों का पालन करना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।