15 नवंबर से शुरू होगी जहानाबाद में धान की खरीद, अधिप्राप्ति लक्ष्य पर पैक्स अध्यक्षों ने उठाए सवाल
जहानाबाद :खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले में धान खरीद की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित ग्रामप्लेक्स में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों और निबंधित राइस मिलरों ने भाग लिया। डीएम ने निर्धारित तिथि से धान खरीद शुरू करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य कम निर्धारित किए जाने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि जिले में वास्तविक धान उत्पादन की तुलना में खरीद का लक्ष्य काफी कम रखा गया है। इस वर्ष जिले में बाढ़ की स्थिति नहीं रहने के बावजूद प्रति एकड़ उत्पादकता का आकलन पड़ोसी जिले औरंगाबाद और अरवल की तुलना में कम किया गया है।
पैक्स अध्यक्षों के अनुसार, इस बार जिले में वास्तविक धान उत्पादन का महज 18.5 प्रतिशत ही अधिप्राप्ति लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे किसानों को अपनी पूरी उपज बेचने में परेशानी हो सकती है।इस पर डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को सभी पंचायतों में प्रति एकड़ उत्पादकता, कुल धान उत्पादन और निर्धारित खरीद लक्ष्य से जुड़े आंकड़ों का सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पैक्स अध्यक्षों की ओर से उठाए गए मुद्दों को किसानों के हित में संबंधित विभागीय सचिव के समक्ष रखा जाएगा।
डीएम ने सभी पदाधिकारियों, पैक्स अध्यक्षों और राइस मिलरों को आपसी समन्वय के साथ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से धान खरीद सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की उपज की सुगम खरीद और उन्हें उचित मूल्य दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 10, 2026