ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग पर बिहार सरकार ने शुरू की कार्रवाई।
सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के पत्र पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभाग को दिया जांच एवं निर्णय का निर्देश
किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद द्वारा किशनगंज जिले के ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज को नया अनुमंडल बनाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष लगातार उठाए जा रहे मुद्दे पर बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सचिवालय ने गंभीरता से संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय, बिहार सरकार के उप सचिव अभिषेक श्रीवास्तव द्वारा अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को पत्र जारी कर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के ई-मेल से प्राप्त पत्र एवं संबंधित प्रस्ताव पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय के पत्र में सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के 28 सितंबर 2026 के पत्र संख्या 998/KNE/2026 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि संबंधित प्रकरण में निहित निर्देशों के अनुसार छानबीन कर समुचित निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई से माननीय सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद को अवगत कराने के साथ-साथ मुख्यमंत्री सचिवालय को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए।
सांसद डॉ. जावेद ने कहा कि ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल का दर्जा मिलने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी तथा आम लोगों को राजस्व, भूमि, विधि-व्यवस्था एवं अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर अधिक सुगमता से मिल सकेगा।
सांसद ने कहा कि किशनगंज जिले के विकास और प्रशासनिक सुविधा को लेकर वे लगातार केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठा रहे हैं। ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिए जाने का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। #viralreels #viralreelschallenge #viralchallenge #viralpost #vacaciones #videogames #2026Goals #newyork #BIG_BREAKING