#बलरामपुर ! महिला आईटीआई में जल्द शुरू होंगी कक्षाएं, डीएम ने दिए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश...
#रेहरा _बाजार के देवरी खेरा में ₹12.60 करोड़ की लागत से बन रही महिला आईटीआई का डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने किया औचक निरीक्षण।
₹4.53 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की प्रगति का भी लिया जायजा; समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने की कड़ी हिदायत।
#Balrampur । विकास खंड रेहरा बाजार के ग्राम देवरी खेरा में निर्माणाधीन राजकीय महिला आईटीआई और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास का जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को तय सीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
महिला आईटीआई के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन के विभिन्न हिस्सों की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। ₹12.60 करोड़ की स्वीकृत लागत से बन रहे इस आईटीआई की भौतिक प्रगति फिलहाल 75.25 प्रतिशत है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की बालिकाओं को तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अवशेष निर्माण कार्य व परिसर में लैंड डेवलपमेंट जल्द पूरा कराकर कक्षाओं का संचालन अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ₹4.53 करोड़ की लागत से बन रहे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास का जायजा लिया। इस परियोजना में ₹4.24 करोड़ व्यय हो चुके हैं और 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। डीएम ने रंगाई-पुताई, प्लंबिंग और इलेक्ट्रिकल जैसे फिनिशिंग कार्यों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता और विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए ताकि छात्राओं को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur